ऊधम सिंह नगर प्रभारी मंत्री के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने गाया अपना दुखड़ा

चुनाव के समय कार्यकर्ताओं की पूछ होती है लेकिन उसके बाद पार्टी में उनको कोई पूछता तक नहीं। सरकार बनने के बावजूद भी अफसरशाही भाजपा कार्यकर्ताओं पर हावी रहती है। कार्यकर्ताओं पर मुकदमें पर मुक़दमीन लाद दिए जाते हैं। इतना ही नहीं अपनी ही सरकार में अफसरशाही के सामने अपना पक्ष रखने तक भी मौका नहीं मिलता है। जिला मुख्यालय महानगर रुद्रपुर के जिले भाजपा कार्यालय में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुछ इस तरह अपनी पीड़ा प्रभारी मंत्री मदन कौशिक के सामने बयां की। 


कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंत्री जी जिले के साथ मुख्यालय महानगर रुद्रपुर में अफसरशाही पूरी तरीके से बेलगाम है। कार्यकर्ताओं की अफसरों के सामने कोई सुनवाई नहीं है। गैर कानूनी तरीके से भाजपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमें दर्ज किये जा रहे है। ऐसे में प्रदेश में हमारी सरकार होने का क्या फायदा हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में हमारी भाजपा सरकार के चार साल पूरे हो चुके हैं। लेकिन कभी भी हमें इस भाजपा सरकार में सम्मान नहीं मिला और जब हमारी ही भाजपा सरकार में हमारी सुनवाई नहीं है तो किस मुँह से आम जनता के बीच जाएं और उनसे भाजपा के समर्थन के लिए कहें। 


प्रभारी मंत्री के साथ बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि संगठन और सरकार स्तर पर अनदेखी का सिलसिला पिछले चार साल से जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए दबी जुबान में यहाँ तक कह दिया कि यूहीं कार्यकर्ताओं की अनदेखी का सिलसिला जारी रहा तो कांग्रेस से भी बुरी हालत भाजपा की हो जाएगी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाल ही में दर्ज हुए कई मुकदमों का उदाहरण देकर मंत्री के सामने अपना दुखड़ा गाया। इस दौरान शहर के सीपीयू पर भी तानाशाही का आरोप लगाते हुए लोगों को अनावश्यक परेशान करने की परेशानी को भी मंत्री के सामने रखते हुए जल्द इस पर कुछ कड़ा एक्शन लेने की बात कही। 


वहीँ भाजपा के मित्र सूत्रों के अनुसार प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने इस सम्बन्ध में जल्द ही अधिकारीयों से बात कर सभी मुद्दों पर हल निकालने का आश्वासन कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने ने कहा पार्टी में कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान है और जल्द ही कार्यकर्ताओं की सभी समस्याओं का समाधान किया जायेगा।