तीन मंजिला मकान में लगी आग, आग में जिंदा जली वृद्ध महिला

अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट विकासखंड में एक तिमंजिला घर में आग लग गई। इस आग में एक वृद्धा जिंदा जल गई। वृद्धा की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक घटना भतौरा की है। आगजनी की इस घटना में मकान के अलावा लाखों के जेवर व अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। बताया गया है कि आग लगने का कारण शॉटसर्किट हो सकता है। भतौरा के एक घर में अचानक आग लग जाने के कारण हड़कंप मच गया। घटना के समय घर में 75 वर्षीय भगवानी देवी और उनकी 16 वर्षीय पोती नेहा मौजूद थे। बताया गया है कि वृद्धा के दो पुत्र दिनेश चंद्र जोशी, नंदकिशोर जोशी तथा बहू विमला जोशी खेतों में गए थे।

सुबह करीब सवा दस बजे तिमंजिला मकान में आग भड़क उठी। 16 वर्षीय नेहा ने शोर मचाते बाहर की ओर दौड़ लगाई। बताया गया है कि इस दौरान भगवानी देवी अंदर के कमरे में फंसी रह गई। बताया गया है कि भगवानी देवी लंबे समय से बीमार थी। जब तक गांव वाले मौके पर पहुंचे तब तक आग काफी भड़क चुकी थी। गांव वालों ने आग बुझाने की कोशिश की। बताया गया है कि तब तक काफी कुछ खाक हो चुका था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर के अंदर मौजूद लोहे की अलमारिया भी गल गईं।

घटना की सूचना पर विधायक महेश नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष उमा बिष्ट, एसडीएम आरके पाडे के अलावा पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया गया। बताया गया है कि आगजनी की इस घटना में दस तोला सोना, डेढ़ लाख की नकदी, पोती नेहा के हाईस्कूल की अंक तालिका व प्रमाणपत्र, बहू विमला देवी आशा कार्यकर्ता थी उसके सभी कागजात, अनाज, घरेलू सामान खाक हो गया।