नैनीताल ब्रेकिंग: पांच माह से रोजी रोटी का संकट झेल रहे नाव चालकों के लिए राहत भरी ख़बर

देश मे लगे लॉकडाउन के बाद 5 माह से रोजी रोटी का संकट झेल रहे नाव चालकों के लिए आज राहत भरी खबर आयी है। नैनीताल नगर में पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए नगर पालिका ने नैनी झील में 1 सितम्बर से नौकायन की अनुमति दे दी है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम को घोषित लाकडाउन के बाद से थमा जनजीवन अनलॉक में अब जाकर सामान्य होने लगा है। नैनीझील में नौकायन बंद होने से पांच माह से आर्थिक संकट झेल रहे नाव चालक समिति सदस्यों ने पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी और ईओ अशोक वर्मा से संचालन को लेकर वार्ता की। पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी ने बताया कि एक सितंबर से नौकायन की अनुमति दे दी गयी है। शारीरिक दूरी और गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए नौकाओं का संचालन किया जा सकेगा। नैनी झील में 222 चप्पू जबकि 90 पैडिल बोट का संचालन होता है। इन नावों के संचालन से करीब 600 लोगों की रोजीरोटी जुड़ी हुई है।