नई दिल्ली। वारिस पंजाब दे का चीफ और खालिस्तान सपोर्टर अमृतपाल सिंह की तलाश लगातार जारी है। पिछले छह दिनों से पंजाब पुलिस को अमृतपाल सिंह की तलाश है, लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो वह पंजाब से भाग गया है। पुलिस को उसके उत्तराखंड या महाराष्ट्र में होने का शक है। बताया जा रहा है कि पंजाब से भागकर वह हरियाणा गया था। वह कुरुक्षेत्र जिले के शाहबाद में 19 और 20 मार्च को रुका था। यहां वह जिस महिला के घर रुका था, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस पता करने में जुटी है कि क्या महिला को अमृतपाल जानता था या महिला के घर वह जबरदस्ती घुसा था। वहीं पुलिस को महाराष्ट्र के नांदेड़ में अमृतपाल के छिपे होने के भी इनपुट मिले हैं। पंजाब पुलिस की टीमें वहां रेड करने के लिए रवाना हो गई हैं। पंजाब के पड़ोसी राज्यों के अलावा उत्तराखंड में भी अमृतपाल के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। गुरुघरों की भी जांच की जा रही है। अमृतपाल के साथी तजिंदर सिंह उर्फ गोरखा बाबा को लुधियाना में गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतपाल का गनर है।
पुलिस और खुफिया एजेंसियों को जांच के दौरान पता चला कि अमृतपाल को 158 विदेशी खातों से फंडिंग की जा रही थी। इनमें से 28 खातों से 5 करोड़ से ज्यादा की रकम भेजी गई थी। इन खातों का संबंध पंजाब के माझा और मालवा से है। अमृतसर, तरनतारन, बटाला, गुरदासपुर, जालंधर, नवांशहर, कपूरथला और फगवाड़ा के खातों का संबंध अमृतपाल से मिला है।