नैनीताल। पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र (DLC) जमा करने में आ रही तकनीकी दिक्कतों और पेंशन से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए नैनीताल कोषागार की ओर से विशेष कार्यशाला आयोजित की जा रही है। यह कार्यशाला 17 नवंबर 2026 को जिला कार्यालय सभागार, नैनीताल में सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र (DLC) अभियान-5 के तहत आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र के उपयोग के प्रति जागरूक करना और प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाना है।
मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी ने कोषागार नैनीताल से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों से कार्यशाला में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिन पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा करने में तकनीकी समस्या आ रही है या पेंशन से संबंधित किसी अन्य परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वे निर्धारित तिथि और समय पर जिला कार्यालय सभागार पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।
कार्यशाला में पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र के उपयोग की जानकारी देने के साथ ही उनकी पेंशन संबंधी समस्याओं के निराकरण में मदद की जाएगी।






