नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुणे मेट्रो से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वहीं राहुल गांधी से जुड़े एक मामले में आज सुनवाई होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार तड़के दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर ओंगोल के पास मुरसु चक्रवाती तूफान ने दस्तक दी। तूफान का केंद्र तट के अंदर प्रवेश कर गया है और इसके वॉल क्लाउड का एक बड़ा हिस्सा जमीन के ऊपर आ गया है। तूफान के टकराने की जगह नेल्लोर और नरसापुर के बीच है। इस दौरान तटीय इलाकों में 100-110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं, जिनकी गति 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन हवाओं के जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में भारी बारिश और सामान्य ज्वार-भाटा के स्तर से 1 से 1.5 मीटर ऊंची समुद्री लहरें उठने का अनुमान जताया है। इससे दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के निचले हिस्सों में पानी भर सकता है।
इधर त्रिपुरा के बॉक्सानगर में बीएसएफ जवानों पर तस्करों के गिरोह ने बेरहमी से हमला किया है। सामने जानकारी के अनुसार, भारत-बांग्लादेश सीमा के पास हुए इस हमले में तीन जवान घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद आशाबाड़ी से बीएसएफ की टुकड़ी आने पर तस्कर फरार हो गए हैं। पुलिस तस्करों की तलाश में जुटी हुई है। इस पूरी घटना के सामने आने के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने BSF पर हमले की निंदा की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जवानों पर ये हमला उस वक्त हुआ जब रहीमपुर काटामुडा चौकी के तीन जवान बॉक्स नगर जा रहे थे। तभी कथित तस्करों ने उन पर हमला बोल दिया। इससे पहले सुबह करीब 9 बजे इंटरनेश्नल बॉर्डर के गेट नंबर 174 और 175 के पास कंटीले तार बाड़ के पास जवानों ने तस्करी का सामान ले जा रहे एक युवक का पीछा किया और हेफजुर रहमान नाम के एक कथित तस्कर को पकड़ लिया। इसके बाद जब जवान बॉक्स नगर की तरफ जा रहे थे तो तस्करों के परिजन और दूसरे साथियों ने जवानों पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी डंडों से जवानों की पिटाई की गई और उनके हथियार छीनने की कोशिश हुई। हमले के दौरान जवानों की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। हमले की जानकारी मिलने पर BSF की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद तस्कर वहां से फरार हो गए।
उधर मिडिल ईस्ट क्षेत्र में एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है और बड़े युद्ध का खतरा मंडराने लगा है। अब मंगलवार की सुबह खबर सामने आई है कि अमेरिका ने ईरान पर फिर से बड़ा हमला किया है। जानकारी के मुताबिक, अमेरिका के ये हमला केशम द्वीप पर हुआ है, वहां कई धमाके हुए हैं। ये द्वीप स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में स्थित है। आपको बता दें कि ये अटैक ऐसे वक्त में हुआ है जब अमेरिका में मिड टर्म चुनाव के लिए आज मंगलवार को वोटिंग होनी है। ईरान की सरकारी मीडिया ने भी केशम द्वीप पर कई विस्फोटों के बारे में पुष्टि की है। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में संकेत दिया था कि उन्होंने ईरान पर फिर से हमला करने का ऑप्शन खुला रखा है। जानकारी के अनुसार, इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू भी अमेरिका में मध्यावधि चुनाव खत्म होने के बाद ईरान के खिलाफ बड़ा हमला करने का दबाव बना रहे थे। अब एपी की रिपोर्ट के अनुसार, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया है कि अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में कुछ ईरानी ठिकानों पर रक्षात्मक हमले किए हैं। बता दें कि लगातार ये कयास लगाए जा रहे थे कि अमेरिका में मिड टर्म इलेक्शन के बाद ईरान पर फिर से हमले शुरू हो सकते हैं। इससे पहले खबर सामने आई थी कि अमेरिकी अधिकारियों ने पश्चिम एशिया के कई देशों और क्षेत्रीय सहयोगियों से अगले सप्ताह अमेरिका में होने वाले मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर संभावित नए सैन्य हमलों और इसके जवाब में ईरान की ओर से की जा सकने वाली जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा है।
इधर दिवाली से पहले देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में शामिल मुकेश अंबानी की दौलत में जबरदस्त उछाल आया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आई रिकॉर्ड तेजी ने एक ही दिन में उन्हें करीब 79,700 करोड़ रुपये का फायदा पहुंचा दिया। इसके साथ ही उनकी कुल संपत्ति बढ़कर 85.7 अरब डॉलर यानी करीब 8.13 लाख करोड़ रुपये हो गई है। शेयर बाजार में रिलायंस के शेयरों की इस शानदार तेजी का फायदा कंपनी के निवेशकों को भी मिला है। वहीं, दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में मुकेश अंबानी 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं। दरअसल, सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। कंपनी का शेयर करीब 12 फीसदी उछलकर 1,300 रुपये के डे हाई पर पहुंच गया। अप्रैल 2020 के बाद यह शेयर में आई सबसे बड़ी एकदिवसीय तेजी बताई जा रही है। इस तेजी के पीछे कंपनी के शानदार दूसरी तिमाही के नतीजे और बड़े ब्रोकरेज हाउस की सकारात्मक रिपोर्ट को वजह माना जा रहा है। शेयरों में उछाल के कारण रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप भी एक ही दिन में करीब 2 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 17.59 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।
उधर भारतीय नौसेना ने एक बार फिर अपनी वीरता का परिचय देते हुए समंदर में एक सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया और कई जिंदगियां बचा लीं। अरब सागर में भारतीय नौसेना ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज 'अजिनी' (Azini) और उसके सभी 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया है। यह ऑपरेशन मुंबई से 3000 किलोमीटर से अधिक दूर समुद्र में चलाया गया। 2 नवंबर 2026 को पूरा हुआ यह अभियान करीब 48 घंटे तक चला। इस दौरान भारतीय नौसेना ने समुद्री लुटेरों की गतिविधियों का पता लगाने, जहाज को रोकने और चालक दल को सुरक्षित मुक्त कराने में सफलता हासिल की। इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना ने भी समय पर सहयोग दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नौसेना की बहादुरी पर तारीफ की और बधाई दी। इस अभियान की खास बात यह रही कि भारतीय नौसेना ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में समुद्री लुटेरों के खिलाफ कार्रवाई की। जहाज पर भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों का कब्जा था। ऐसे में चालक दल के सभी सदस्यों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करना नौसेना के लिए एक बड़ी चुनौती थी। नौसेना ने सुनियोजित तरीके से पहले जहाज की लोकेशन का पता लगाया, फिर उसे इंटरसेप्ट किया और सभी 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
इधर रूस ने दक्षिणी यूक्रेन में एक सहायता वितरण केंद्र और उसके पास बने एक आश्रय स्थल पर बमबारी की। इस बमबारी में 26 लोगों की जान चली गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। जेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों में पहले एक स्कूल की इमारत को निशाना बनाया गया, जिसका इस्तेमाल मानवीय सहायता बांटने के लिए किया जा रहा था, और फिर पास के एक आश्रय स्थल को निशाना बनाया गया। जेलेंस्की ने कहा, "यह इस बात का एक और सबूत है कि रूस तनाव कम नहीं करना चाहता।" दक्षिणी ज़ापोरिज्जिया क्षेत्र के कोमिशुवाखा गांव में ये हमले तब हुए, जब देश के दक्षिण में ही स्थित खेरसॉन क्षेत्र में एक सीमित सीजफायर की अवधि समाप्त हो गई थी। इस सीमित सीजफायर समझौते के तहत, रूस के कब्जे वाले इलाकों में मानवीय सहायता पहुंचाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की अनुमति दी गई थी। जेलेंस्की ने कहा, "एक ऐसा समय आया था जब आगे उठाए जाने वाले कदम यह दिखा सकते थे कि शांति की दिशा में प्रगति संभव है। लेकिन इन हत्याओं के जरिए रूस बिल्कुल उल्टा संकेत दे रहा है: रूस और अधिक हत्याएं करने की फिराक में है।"
उधर क्रिकेट जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने 38 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। इसके साथ ही उनके शानदार इंटरनेशनल करियर का अंत हो गया। मैक्सवेल ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग से खेल जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी और उन्हें व्हाइट-बॉल क्रिकेट में दुनिया के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में गिना जाता था। वह हाल ही में ETPL में खेलते हुए नजर आए थे। ग्लेन मैक्सवेल ने साल 2012 में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वह अपनी ताबड़तोड़ और आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर बहुत कम समय में ही क्रिकेट की दुनिया में अपना नाम बनाने में कामयाब रहे। उन्होंने 149 वनडे मैचों में कुल 3990 रन बनाए, जिसमें 4 शानदार शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में उनका खेलने का तरीका बेहद आक्रामक था और उनका स्ट्राइक रेट 126.71 का रहा। ODI में उनका सबसे बड़ा स्कोर नाबाद 201 रन रहा, जो उन्होंने साल 2023 के वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ एक मुश्किल समय में ऐतिहासिक पारी खेलते हुए बनाया था। मैक्सवेल सिर्फ एक शानदार बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन ऑफ स्पिनर भी थे। उन्होंने वनडे में 77 और टी20 इंटरनेशनल में 51 विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा फील्डिंग में भी उन्होंने कमाल किया था।
इधर मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एसएसबी जवान ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। ससुराल वालों को फोन कर बताया कि मौत हार्ट अटैक से हुई है। भिंड के अटेर स्थित पैतृक गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, लेकिन 14 वर्षीय बेटी ने हत्या का राजफाश कर दिया। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवा दिया और शव लेकर ग्वालियर पहुंची। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस बीच आरोपित फरार हो गया। मूल रूप से भिंड के अटेर निवासी ज्ञान सिंह जाटव एसएसबी में आरक्षक है। मुरार (ग्वालियर) के खुरैरी गांव में उसने मकान बना लिया है, जहां उसकी पत्नी रिंकी 14 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटे के साथ रहती थी। बीती रात चरित्र संदेह को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। इसी दौरान आरोपित ने पत्नी की बेरहमी से मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश सरकार ने दीपावली के अवसर पर राज्य के कार्मिकों को बोनस का तोहफा दिया है। इस कड़ी में उन्हें वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तदर्थ बोनस देने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके तहत पात्र कर्मचारियों को 30 दिन की परिलब्धियों के बराबर बोनस मिलेगा, जिसकी अधिकतम सीमा सात हजार रुपये निर्धारित की गई है। बोनस का लाभ राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा। बोनस का भुगतान नकद किया जाएगा। सचिव वित्त डॉ.वी. षणमुगम की ओर से सोमवार को जारी शासनादेश के अनुसार समूह ग और घ के कर्मचारियों के साथ समूह ख के उन सभी अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस अनुमन्य होगा, जिनका ग्रेड वेतन 4800 रुपये (संशोधित वेतनमान में लेवल-8) तक है। हालांकि, ऐसे कर्मचारी जो किसी उत्पादकता आधारित बोनस योजना के अंतर्गत आते हैं, उन्हें इसका लाभ नहीं मिलेगा।
इधर हल्द्वानी के रामपुर रोड पर टांडा जंगल में दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिए हैं। हादसे की वजह ओवरटेक करना माना जा रहा है। वहीं घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। रामपुर रोड पर एस-मोड़ से करीब दो सौ मीटर पहले दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय सौरभ बिष्ट निवासी मंगोलिया, कालाढूंगी और 28 वर्षीय राजू गुप्ता निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर के रूप में हुई है।






