उत्तरप्रदेश अगर एक देश होता,तो जनसंख्या में दुनिया का पांचवा सबसे बड़ा देश होता-आनंद महिंद्रा

Had Uttar Pradesh been a country, it would have been the fifth largest country in the world in terms of population – Anand Mahindra

सोशल मीडिया हमेशा एक्टिव रहने वाले महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने उत्तरप्रदेश को लेकर कहा कि अगर उत्तरप्रदेश एक देश होता तो जनसंख्या की दृष्टि से दुनिया का पांचवा सबसे बड़ा देश होता। ये बात उन्होंने उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में सीएम आदित्यनाथ योगी से शिष्टाचार मुलाकात के बाद ट्वीट कर कही।
उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि"अगर उत्तर प्रदेश एक देश होता, तो वह जनसंख्या से दुनिया का पांचवा सबसे बड़ा देश होता। उ. प्र. की तेज प्रगति होने से वह संपूर्ण भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए विकास का इंजन बनेगा। महिंद्रा ग्रुप मुख्यमंत्रीजी और पूरे राज्य को इस लक्ष्य को साकार करने में सहयोग देने के लिए तत्पर है।"

 

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सोमवार को उनके सरकारी आवास पर महिंद्रा समूह के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पर्यटन, कृषि फार्म मशीनरी और ईवी सेक्टर में बड़े पैमाने पर निवेश पर सहमति बनी। सीएम ने कहा कि एयरोस्पेस, कृषि व्यवसाय, ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स, निर्माण उपकरण, रक्षा, ऊर्जा, कृषि उपकरण, वित्त और बीमा, औद्योगिक उपकरण, सूचना प्रौद्योगिकी, हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स, रियल इस्टेट, रिटेल और शिक्षा क्षेत्र में महिंद्रा समूह की विशेषज्ञता है। इस समूह के अनुभव, तकनीक, शोध और नवाचारों से यूपी को अत्यंत लाभ होगा।
प्रदेश की 25 सेक्टोरल नीतियों की चर्चा करते हुए योगी ने कहा कि उद्योगों की जरूरत और अपेक्षाओं का ध्यान रखते हुए हमने नीतियां तैयार की हैं। हमारे पास पर्याप्त लैंड बैंक है। बिजली आपूर्ति और मानव संसाधन की कोई कमी नहीं है। यहां निवेशकों का हित पूरी तरह से सुरक्षित है। सरकार महिंद्रा ग्रुप को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। आनंद महिंद्रा ने कहा कि यूपी की बेहतर कानून-व्यवस्था, नीतियां, सरल प्रणाली और बड़ी आबादी महिंद्रा समूह को निवेश के लिए अनुकूल अवसर देते हैं। देश के सबसे बड़े राज्य के विकास में सहायक बनने के लिए समूह उत्साहित है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर क्लब महिंद्रा का विस्तार किया जाएगा। इससे पर्यटकों को जहां सहायता मिलेगी, वहीं रोजगार के नए साधन भी सृजित होंगे। कृषि क्षेत्र में महिंद्रा समूह फॉर्म मशीनों का निर्माण करने के लिए प्रदेश में इकाई स्थापित करने का इच्छुक है। यहां की इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल (ईवी) नीति को उत्साहवर्धक बताते हुए उन्होंने कहा कि महिंद्रा समूह ईवी सेक्टर में बड़े निवेश की योजना पर काम कर रहा है।