दिल दहलाने वाली घटनाः पुरानी रंजिश... और पलभर में खत्म हो गया पूरा परिवार! एक ही परिवार के चार लोगों की निर्ममता से हत्या, सनसनी
उत्तर प्रदेश। प्रयागराज से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आ रही है। यहां एक गांव में एक ही घर के चार लोगों की निर्ममता से हत्या कर दी गयी। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। वहीं घटना के बाद पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना प्रयागराज गंगापार के फाफामऊ इलाके के मोहनगंज फुलवरिया गोहरी गांव की बताई जा रही है। मरने वालों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। घटना के पीछे गांव के ही कुछ लोगों से पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मरने वालों में मोहनगंज फुलवरिया गोहरी गांव के फूलचंद (50) मजदूरी करता था। बुधवार रात वह घर में पत्नी मीनू देवी (45), बेटी सपना (17) और 10 साल के बेटे शिव के साथ सो रहा था। गांव वालों के मुताबिक, गांव के ही एक परिवार से इनका खेत में पशु जाने को लेकर विवाद हुआ था 2019 से शुरू हुआ विवाद ये 2022 में 4 हत्याओं के बाद खत्म हुआ है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि हत्या किसने की है, लेकिन गांव वालो के मुताबिक इन चार लोगों की हत्या के पीछे गांव के ही लोगों से विवाद था। यह माना जा रहा है उन्हीं का हाथ हो सकता है। बता दें कि प्रयागराज गंगापार का ये इलाका पिछले कई सालों से हत्याओं के लिए जाना जाने लगा है। एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या का मामला नई बात नहीं है। बीते कई सालों में एक ही परिवार के कई लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में गांव और परिवार के लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपी परिवार से भी पूछताछ कर रही है।