रुड़की। हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई आमने-सामने की मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घायल आरोपी को तुरंत रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र में देर रात पुलिस और गोतस्करी के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसका साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घायल आरोपी को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भगवानपुर कोतवाली पुलिस मंगलवार, 10 नवंबर की देर रात क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सिकरोड़ा गांव के पास एक आम के बाग में गोकशी की तैयारी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। बताया गया कि मौके पर मौजूद छोटू अपने साथी कालू के आने का इंतजार कर रहा था। दोनों की गोकशी की घटना को अंजाम देने की योजना होने की आशंका जताई गई है। इसी दौरान पुलिस टीम और आरोपी का आमना-सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में छोटू के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद, निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर गोतस्करी और गोकशी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। उसका साथी कालू घटनास्थल से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल की है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास, उसके साथियों और कथित नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान गोतस्करी के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। उसके फरार साथी कालू की तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। भगवानपुर क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अब पुलिस की प्राथमिकता फरार आरोपी को पकड़ने और पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने की है।






