देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज हो गई है। एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत अब बूथ स्तर पर मतदाता सूची की गहन जांच की जाएगी। इसके लिए 20 से 27 नवंबर 2026 तक प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची का बारीकी से सत्यापन करेंगे और नाम, पता, आयु सहित अन्य विवरणों में मिली त्रुटियों को चिन्हित कर नियमानुसार सुधार की प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि मतदाता सूची को अद्यतन रखने और पात्र नागरिकों को मतदान के अधिकार से जोड़ने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने या अपात्र नामों को हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग प्रारूप निर्धारित किए हैं।निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची में पहली बार नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरना होगा। यदि किसी मतदाता का नाम, पता, आयु या अन्य विवरण गलत दर्ज है तो उसे ठीक कराने के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जाएगा। वहीं, किसी अपात्र व्यक्ति का नाम हटाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। विशेष अभियान के दौरान बीएलओ एक ही मतदाता का नाम एक बूथ पर या एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज होने जैसी दोहरी प्रविष्टियों की भी जांच करेंगे। ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को चिन्हित कर नियमानुसार फार्म-7 के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के तहत कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में या एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता। इसलिए मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों की पहचान और उनका नियमानुसार निराकरण जरूरी है। उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से अपील की कि वे अपनी और परिवार के सभी पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी अवश्य जांच लें। नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में गलती मिलने पर निर्धारित समय के भीतर संबंधित बीएलओ को फार्म-8 उपलब्ध कराएं। वहीं, जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। मतदाता सूची से संबंधित सही जानकारी के लिए भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट https://ceo.uk.gov.in/ पर जाकर अपना नाम और विवरण देख सकते हैं। 20 से 27 नवंबर तक चलने वाला विशेष अभियान मतदाता सूची की खामियां दूर करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में मतदाताओं की जागरूकता और बीएलओ की सक्रियता से सूची को अधिक सटीक बनाने में मदद मिलेगी।






