हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से हनी ट्रैप और करोड़ों की ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के एक बड़े कारोबारी को कथित तौर पर हनी ट्रैप में फंसाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करने, धमकाने और करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने का आरोप लगा है। आरोपों के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग के इस कथित खेल में कारोबारी से करीब पांच करोड़ रुपये नकद के अलावा चार प्लॉट, एक कार और एक बाइक भी ले ली गई। इस पूरे घटनाक्रम में कारोबारी को अपने सभी व्यवसाय तक गंवाने पड़े।
पीड़ित कारोबारी की तहरीर के अनुसार, ब्लैकमेलिंग का सिलसिला वर्ष 2015-16 में शुरू हुआ था, जो कथित तौर पर 11 नवंबर 2026 तक जारी रहा। इतने लंबे समय तक चले इस घटनाक्रम में कारोबारी को आर्थिक और कारोबारी स्तर पर भारी नुकसान उठाना पड़ा। आरोप है कि महिला और उसके साथियों ने उसे लगातार ब्लैकमेल और धमकाकर नकदी तथा संपत्तियों पर कब्जा किया।
मामले में कारोबारी की शिकायत पर 18 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने ज्योति सिंह, टनकपुर रोड निवासी मोहम्मद मुश्ताक समेत पांच नामजद आरोपियों और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच में जुट गई है।
साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच अधिकारी गंभीरता से छानबीन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।






