नैनीताल। नैनीताल की नैना पीक से लापता बिहार निवासी बीटेक छात्र उन्नाव राजपूत का 22 नवंबर तक भी कोई सुराग नहीं लग सका है। 6 नवंबर को ट्रेकिंग के दौरान अचानक लापता हुए युवक की तलाश में वन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। पांच टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में तलाश के लिए लगाया गया है, लेकिन 16 दिन बीत जाने के बाद भी न तो युवक का पता चला है और न ही उसके लापता होने की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकी हैं। इस मामले में अब लापता युवक के साथ नैना पीक गए दोस्तों की एक बात भी सामने आई है। साथियों के मुताबिक, उन्नाव अक्सर कहा करता था कि 'मैं एक दिन नॉन एग्जिस्टिंग हो जाऊंगा।' दोस्तों को उस वक्त उसकी यह बात मजाक लगती थी, लेकिन अब उसके अचानक लापता होने के बाद यह बात उन्हें लगातार परेशान कर रही है। हालांकि, इस कथन का उसके लापता होने से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है।
जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को बिहार निवासी चार युवक नैनीताल के नैना रेंज क्षेत्र में स्थित नैना पीक घूमने गए थे। चारों दोपहर करीब दो बजे ट्रेकिंग के लिए निकले थे। शाम करीब 5:15 बजे तीन युवक वापस लौटे, लेकिन उनका चौथा साथी उन्नाव राजपूत उनके साथ नहीं था। इसके बाद से ही उसकी तलाश शुरू कर दी गई। करीब 20 से 25 वर्ष का उन्नाव भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस का छात्र था। उसके अचानक लापता होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। इधर, लंबा समय बीतने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस और प्रशासन की जांच को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मामले को केवल नैना पीक के आसपास संभावित दुर्घटना या रास्ता भटकने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि अन्य संभावित पहलुओं से भी जांच की जाए। परिजनों ने युवक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकलवाने और उसके लापता होने से पहले की गतिविधियों सहित दूसरे पहलुओं की पड़ताल करने की मांग की है। उनका कहना है कि 16 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक या नकारात्मक जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल नैना पीक और आसपास के वन क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन जारी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ट्रेकिंग के दौरान उन्नाव अचानक कहां गायब हो गया? क्या वह रास्ता भटक गया, किसी दुर्घटना का शिकार हुआ या इस घटना के पीछे कोई दूसरा पहलू है? इन सवालों के जवाब अब भी तलाशे जा रहे हैं।

