खटीमा। कार्तिक पूर्णिमा और गुरु पर्व के पावन अवसर पर सीमांत क्षेत्र खटीमा का पौराणिक झनकईया गंगा स्नान मेला शुक्रवार को न केवल लोक आस्था का केंद्र बना, बल्कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मंच से आगामी राजनीति और विकास का स्पष्ट रोडमैप भी पेश किया। मेले का फीता काटकर व गंगा घाट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शुभारंभ करने के बाद सीएम धामी ने एक ओर जहां भारत-नेपाल के 'रोटी-बेटी' के रिश्तों और थारू व बंगाली-पंजाबी समाज की एकता को साधने का प्रयास किया, वहीं दूसरी ओर समान नागरिक संहिता, लैंड जिहाद और 36 हजार सरकारी नौकरियों का जिक्र कर अपने सख्त और निर्णायक नेतृत्व की छवि को और पुख्ता किया।
कार्तिक पूर्णिमा और गुरु पर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गंगा घाट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन और आस्था के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने झनकईया और शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत कालापुल के पास नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की। साथ ही जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, खटीमा नगरपालिका और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से घाटों, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कार्तिक पूर्णिमा और गुरु पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का यह पौराणिक मेला लंबे समय से आयोजित होता आ रहा है। यहां आस्था और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलता है। पीढ़ी दर पीढ़ी स्थानीय लोगों ने इस परंपरा को सहेजकर रखा है और नई पीढ़ी भी उत्साह के साथ इसे आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूती प्रदान करता है। धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का संबंध सदियों पुराना है। दोनों देशों की सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। धारचूला के पास भारत और नेपाल के बीच बने नए पुल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने इसे जनता को समर्पित किया है। यह सीमावर्ती क्षेत्रों के आपसी संपर्क और संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि झनकईया मेले में उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के पूरनपुर, गभिया, रामनगर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं, लखीमपुर, मैलानी और सीतापुर से भी व्यापारी और नागरिक पहुंचते हैं। थारू समाज की बड़ी भागीदारी इस आयोजन को विशेष बनाती है। उनके पारंपरिक रीति-रिवाज, लोकगीत और लोकनृत्य मेले की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करते हैं। बंगाली और पंजाबी समाज सहित विभिन्न समुदायों की महिलाओं और परिवारों की सहभागिता भी इस आयोजन को बहुरंगी स्वरूप देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और इतिहास से होती है। इसी कारण सरकार विकास कार्यों के साथ मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने आदि गौरव महोत्सव और जनजाति गौरव दिवस के आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय और सीमांत क्षेत्रों के परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अटल आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत जनजातीय परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की बात कही। उनके अनुसार, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के बाद उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में आश्रम पद्धति विद्यालय, एकलव्य आवासीय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी दी। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता लागू करने, सरकारी भूमि से 13 हजार एकड़ से अधिक अतिक्रमण हटाने और अवैध मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 250 से अधिक मदरसों को बंद किया गया है तथा बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से मदरसा बोर्ड के स्थान पर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि राज्य में युवाओं और बेटियों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत 36 हजार सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने झनकईया और पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाट निर्माण के साथ बनशक्ति मंदिर, भारा मल बाबा मंदिर और बनखंडी महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य धार्मिक स्थलों को सुदृढ़ और आकर्षक बनाने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों से मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। मेले के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया। उन्होंने मेले में जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर स्थानीय दुकानदारों का उत्साह बढ़ाया। धार्मिक आयोजन के शुभारंभ के साथ मुख्यमंत्री की घोषणाओं ने झनकईया और आसपास के धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर नई उम्मीदें जगाई हैं।

