देहरादून।
युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी, देहरादून में शनिवार को हाफ मैराथन एवं वॉकथॉन का आयोजन किया गया। सरकार के नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण और वार्म-अप सत्र के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही समाज में भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलपति ने हरी झंडी दिखाकर हाफ मैराथन एवं वॉकथॉन को रवाना किया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

हाफ मैराथन में छात्र वर्ग में शोभित कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। अभय रावत और पारस संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि देवाशीष, इभानन, ओम श्री हरि और फैकल्टी सदस्य शुभम ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं, छात्रा वर्ग में सर्वी ने प्रथम स्थान हासिल किया। संस्कृति और नैना संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि तन्वी, कशिश, रशिका और प्रिया ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि नशे से दूर रहकर खेल, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाना स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

