नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को फैसला सुनाया कि वॉर इंजरी एलिमेंट (युद्ध में लगी चोट) के तहत पेंशन पाने के लिए सेना के जवानों का दुश्मन की गोली से घायल होना जरूरी नहीं है। कोर्ट ने आदेश दिया कि अगर कोई सैनिक किसी ऑपरेशन के दौरान अपनी ही बंदूक से या अपनी ही टुकड़ी की गोलीबारी में घायल हो जाता है तो भी उसे यह पेंशन मिलनी चाहिए। न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा और एन के सिंह की पीठ ने कहा कि आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि ऐसे मामलों में सेना के जवानों को युद्ध में घायल माना जाएगा और गंभीर रूप से घायल सैनिक पेंशन पाने का हकदार होगा। कोर्ट ने कहा कि सेना के आदेश में दो स्थितियों पर विचार किया गया है। पहली, दुर्घटना से गोली लगना या किसी टुकड़े (स्प्लिंटर) से चोट लगना और दूसरी, अपनी ही सेना की गोलीबारी से ऐसी चोट लगना।
इधर चीन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मीटिंग के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन जंग पर यूरोपियन लीडर्स से फोन पर बात की। अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर के अनुसार, ये नेता उस समय बर्लिन में ‘Coalition of the Willing’ की मीटिंग में शामिल थे। हालांकि, जेरेड कुशनर ने अभी ये नहीं बताया कि ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं से क्या बात की। उधर, शेनझेन में हुई त्रिपक्षीय वार्ता के बाद अमेरिका, चीन और रूस ने परमाणु जोखिम कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए संवाद बढ़ाने की बात कही। रिपोर्ट के मुताबिक, जेरेड कुशनर ने बताया कि व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग से वार्ता करने के बाद, डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए यूरोपीय सहयोगियों की एक मीटिंग बुलाई है। उन्होंने ये भी बताया कि ट्रंप ने बीते गुरुवार को यूरोपीय सहयोगियों की एक मीटिंग में फोन के माध्यम से बात की। इससे पहले, चीन में ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से चर्चा की थी। बता दें कि ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन ने बीते गुरुवार को चीन के शेनझेन में हुई मीटिंग के बाद परमाणु जोखिम कम करने को लेकर बातचीत करने, संयुक्त राष्ट्र में सुधार का सपोर्ट करने और Refined Petroleum Products की सप्लाई बढ़ाने की योजनाओं का ऐलान किया।
उधर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह पहली बार भारत के दौरे पर आने वाले हैं। नेपाली विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 से 23 नवंबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। विदेश सचिव के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के नेतृत्व में 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल उच्च स्तरीय वार्ता के लिए काठमांडू से नई दिल्ली के लिए रवाना होगा। जानकारी के मुताबिक अपनी इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार को अपने भारतीय समकक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक करेंगे। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद, दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से ऊर्जा से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। साथ ही सहयोग के विभिन्न पहलुओं को कवर करने वाले द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और दोनों पक्षों के बीच उनका आदान-प्रदान किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा नेपाली नेता बालेंद्र शाह के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में अपने आधिकारिक दौरे के तहत, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
इधर मलेशिया घूमने जाने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। नए साल यानी 1 जनवरी 2027 से मलेशिया भारतीय नागरिकों को मिलने वाली वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा खत्म करने जा रहा है। इसके बाद भारतीयों को मलेशिया की यात्रा करने से पहले वैध वीजा लेना अनिवार्य होगा। अब तक भारतीय नागरिक बिना वीजा के मलेशिया में 30 दिनों तक रह सकते थे। इस फैसले से मलेशिया जाने वाले पर्यटकों और अन्य यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना नए नियमों के अनुसार बनानी होगी। मलेशिया के आव्रजन विभाग (JIM) ने 17 नवंबर को जारी अधिसूचना में इस बदलाव की जानकारी दी है। अधिसूचना के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 से मलेशिया में प्रवेश करने वाले भारतीय नागरिकों को यात्रा से पहले वीजा लेना होगा। इसके लिए 1 दिसंबर 2026 से 'माईवीजा' (MyVISA) पोर्टल के जरिए आवेदन जमा किए जा सकेंगे।
उधर बिहार के बाहुबली मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी का तिलक समारोह शुक्रवार को दानापुर स्थित रिसॉर्ट में हुआ। तिलक समारोह के लिए रिसॉर्ट में भव्य तैयारियां की गई हैं। अनंत सिंह होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को लग्जरी कार डिफेंडर उपहार में देने के लिए रिसॉर्ट पहुंचे। दामाद को डिफेंडर कार देने के लिए अनंत सिंह अपनी गाड़ियों के काफिले के साथ रिसॉर्ट पहुंचे। अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में होनी है। शादी से पहले शुक्रवार को तिलक समारोह की रस्में हो रही हैं। तिलक समारोह को लेकर परिवार और रिश्तेदारों में खासा उत्साह है। बता दें कि मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर मोकामा से पटना तक जश्न की तैयारियां चल रही हैं। शुक्रवार को नदावां गांव से अनंत सिंह के रिश्तेदार तिलक चढ़ाने के लिए पटना पहुंचे। शिवांगी के होने वाले दूल्हे ऋषिकेश कुमार के यहां पहुंचकर लड़की पक्ष की ओर से तिलक की रस्म निभाई गई।
इधर मध्य पेरू के एंडीज क्षेत्र में शुक्रवार को 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। तत्काल किसी नुकसान या हताहत की कोई खबर नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप स्थानीय समय के अनुसार शाम 7:09 बजे आया। इसका केंद्र जुनिन से 34 किलोमीटर उत्तर में एंडीज में था। भूकंप की गहराई 108 किलोमीटर दर्ज की गई। पेरू के भूभौतिकीय संस्थान ने भी किसी नुकसान या हताहत की सूचना नहीं दी। पेरू की राजधानी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोग सड़कों पर निकल आए। पेरू 'रिंग ऑफ फायर' पर स्थित है, जहां दुनिया के अधिकांश भूकंप आते हैं। अगस्त में पेरू के एंडीज में 6.7 तीव्रता के भूकंप से दो लोग घायल हुए थे। जुलाई में जुनिन क्षेत्र में 5.5 तीव्रता के भूकंप से छह लोगों की मौत और 30 लोग घायल हुए थे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, अंकिता भंडारी की मां को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने एसएसपी देहरादून को जांच के आदेश जारी किए हैं। निर्देशित किया गया है कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तहरीर ली जाए और इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपिताें की पहचान करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही परिवार की सुरक्षा बढ़ाई जाए। अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें वह कह रही हैं कि उन्हें धमकी मिली है कि सरकार के खिलाफ मुंह खोला तो परिवार का पता भी नहीं चलेगा। भावुक शब्दों में वह कह रही हैं कि वह जिंदा रहे या नहीं रहे, लेकिन उन्होंने स्वाभिमान के लिए लड़ाई लड़ी है। स्वाभिमान के लिए उनकी बेटी अंकिता ने जान दे दी। बदले में उन्हें क्या मिला। उनकी बेटी स्वाभिमान के लिए जान नहीं देती तो कैसे पता चलता कि रिसोर्ट में क्या चल रहा है। कहा कि पिछले चार साल से वह न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं लेकिन कुछ नहीं मिला। उनकी बेटी का चरित्र हनन किया जा रहा है, जबकि सरकार ऐसे लोगों पर कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं।
इधर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार में किया जाएगा। मां के निधन के बाद योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और अपनी मां के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वो बेहद भावुक नजर आए। बताया जा रहा है कि सीएम योगी सड़क मार्ग से लक्ष्मणझूला बैराज मोटर मार्ग होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर उनकी मां के अंतिम संस्कार को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। हरिद्वार में धार्मिक रीति-रिवाज के साथ उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री और कई वरिष्ठ राजनेता व संत-महात्मा अंतिम संस्कार में शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। प्रशासन की ओर से पंचूर से लेकर हरिद्वार तक सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
उधर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे वन क्षेत्र तराई पश्चिमी में फिर से बाघ का आतंक देखने को मिला है। जहां रामनगर के फाटो वन गुज्जर खत्ते में मवेशियों को चराने गए एक युवक पर बाघ ने हमला कर दिया। फिर बाघ उसे घसीटकर जंगल के अंदर ले गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों संग मिलकर सर्च अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक जंगल में तलाश के बाद युवक का शव बरामद हुआ। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक, ढेला के फाटो वन गुज्जर खत्ता निवासी दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा (उम्र 22 वर्ष) अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान फाटो गुज्जर खत्ते में कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के पास अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया, फिर घसीटकर जंगल के अंदर ले गया। वहीं, बेटे को घसीटता देख मां और अन्य लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और युवक की खोजबीन शुरू की। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दिलशाद का शव से बरामद हुआ।






